सतना/मंडला (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश में अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं। अब वे अपराध रोकने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला करने से नहीं हिचकते। सतना में कुछ उत्पाती बदमाशों ने 5 पुलिसकर्मियों को घेर लिया था। पुलिसकर्मियों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। दूसरी घटना मंडला में सामने आई, जहां बदमाशों ने पुलिस की जमकर धुनाई कर वर्दी फाड़ दी और बैच नोच लिए। देर रात हनुमान नगर नई बस्ती में गश्त पर गई पुलिस टीम पर नशे में धुत युवकों ने हमला कर दिया है। वार्ड क्रमांक-15 में रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पानी की टंकी के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा और गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना पर पहले दो पुलिसकर्मी बाइक से पहुंचे। जब उन्होंने युवकों को समझाने की कोशिश की, तो नशेड़ी उलझ गए और अभद्रता करने लगे। जब पुलिस टीम एएसआई उमेश पांडेय और 4 आरक्षक पीछा करते हुए बस्ती के अंदर पहुंची, तो वहां पहले से घात लगाए बैठे करीब 12 नशेड़ियों ने उन्हें घेरकर पत्थर मारना शुरू कर दिए। पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी जान बचाकर भागते नजर आ रहे है। दूसरी घटना मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र के भैंसवाही से सामने आई है। डायल 112 को सूचना मिली थी कि गांव में एक युवक-युवती आत्महत्या का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने जब बीच- बचाव कर युवक को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने आरक्षक अनिल मरकाम पर ही हमला कर दिया। हमलावरों ने आरक्षक की वर्दी फाड़ दी, बैच नोचकर फेंक दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।




