सिंघार ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

0

भोपाल: देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में पहचाने जाने वाले इंदौर की छवि पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर नेता । प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोला है। उनका आरोप है कि इंदौर को लगातार आठ बार मिले स्वच्छता सम्मान असल हालात को छिपाकर और कथित तौर पर कागजी खानापूर्ति के आधार पर हासिल किए गए। भोपाल स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिंघार ने कहा कि इंदौर की घटना किसी हादसे का नतीजा नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्ट तंत्र का परिणाम है। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने और महापौर के तत्काल इस्तीफे की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में नर्मदा को जीवनरेखा माना जाता है, लेकिन सरकार की नाकामी ने पवित्र नर्मदा के पानी तक को प्रदूषित कर दिया। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार असली समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और साम्प्रदायिक मुद्दों को आगे बढ़ाती रही, जबकि जनता के बुनियादी अधिकार स्वच्छ पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा हाशिये पर चले गए। सिंघार ने पूछा कि जिस शहर में नलों से जहरीला पानी पहुंच रहा हो, वहां इंदौर को आठ बार स्वच्छता पुरस्कार कैसे मिल गए? उन्होंने दावा किया कि नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी जानते हैं कि इन अवॉर्ड्स के लिए किस तरह दस्तावेज तैयार किए गए।