सर्दी का सितम – नहीं हो रहा कम, शीतलहर और घने कोहरे से कांपा पूरा मध्यप्रदेश

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश में सर्दी का असर और तेज हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर, शीतल दिन और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। शहडोल जिले के कल्याणपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उमरिया में भी शीतलहर का प्रभाव बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक सतना और खजुराहो (छतरपुर) में घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि ग्वालियर, गुना, रीवा और दतिया में मध्यम कोहरे का असर रहा। राजगढ़, सीधी और नौगांव में हल्का कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। उमरिया और शहडोल जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में शीतलहर का असर बना हुआ है, जबकि नरसिंहपुर जिले में शीतल दिन जैसी स्थिति दर्ज की गई। चंबल संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास बना रहा। प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान मुरैना में 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दतिया में 17.6 और श्योपुर में 18.2 डिग्री तापमान रहा। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान छिंदवाड़ा में 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आगे भी राहत के आसार:
कम मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाने के आसार हैं और तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने नागरिकों को कोहरे के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है ।मौसम विभाग ने कहा है कि घने कोहरे में प्रदूषक कणों के संपर्क से सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। ऐसे में मास्क के उपयोग, धीमी गति से वाहन चलाने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। शीतलहर के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।