भोपाल (मध्य स्वर्णिम): जयपुर में आयोजित डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट 2026 में शामिल होने सोमवार को मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव भी पहुंचे। यहां उन्होंने पहले राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा के आवास पहुंचकर उनसे औपचारिक मुलाकात की। इसके बाद वे कार्यक्रम में शामिल होने जेईसीसी पहुंचे। मध्य प्रदेश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी संजय दुबे ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में दीप प्रज्वलन करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस तरह एक छोटा सा दीप अंधकार दूर करता है, उसी तरह हमारे नवाचार और संकल्प समाज में बदलाव लाएंगे। टाई राजस्थान के सहयोग से आयोजित इस समिट में देश-विदेश से हजारों विजनरी, निवेशक और स्टार्टअप फाउंडर शामिल हो रहे हैं। सीएम मोहन यादव ने अपने भाषण में राजस्थान के उद्यमियों को एमपी में निवेश का न्यौता दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश अब केवल कृषि का केंद्र नहीं है, बल्कि आईटी और स्टार्टअप्स के लिए एक पावर हाउस बन रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान और मध्य प्रदेश के बीच गहरे सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध हैं। उद्यमियों को आमंत्रित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश अब ‘इन्वेस्टमेंट हब’ के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि मध्य प्रदेश अब केवल कृषि प्रधान राज्य नहीं रहा, बल्कि आईटी, एआई और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने स्टार्टअप्स को सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। सीएम यादव ने कहा कि बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे महानगरों के बाद अब विकास की अगली लहर इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों से आ रही है।




