इंदौर के बाद गांधीनगर में दूषित पानी, 104 बच्चे बीमार, अस्पताल में नए वार्ड खोलने पड़े

0

गांधीनगर (मध्य स्वर्णिम): इंदौर के बाद अब गुजरात की राजधानी गांधीनगर में गंदा पानी पीने से पिछले तीन दिनों 104 बच्चे बीमार हो गए। इनमें से 50 प्रतिशत बच्चों को टाइफाइड हुआ है। हालात इतने बिगड़े कि सिविल अस्पताल में बच्चों भर्ती करने के लिए नया वार्ड खोलना पड़ा। इंदौर की तरह यहां भी पीने के पानी की पाइप लाइन में सीवेज की गंदगी मिल रही थी। शहर के सेक्टर- 24, 28 और आदिवाड़ा इलाके के लोग इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। प्रशासन ने पानी की सप्लाई जांची तो 10 जगह लीकेज मिले। स्मार्ट सिटी योजना के तहत करोडों की लागत से बिछाई गई नई पाइपलाइन में यह लीकेज थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए 40 स्वास्थ्य टीमें तैनात की गई हैं, जो 10 हजार से ज्यादा घरों की जांच कर चुकी हैं। गृह मंत्री अमित शाह और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी मामले का संज्ञान लिया है। अस्पताल की अधीक्षक डॉ. मिताबेन पारिख ने बताया कि वर्तमान में 104 बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं और पिछले तीन दिनों में बीमार बच्चों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। सिविल अस्पताल में 1 से 16 वर्ष की आयु के बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं। डॉ. मिताबेन के अनुसार, बच्चे तेज बुखार, पेट दर्द और उल्टी की शिकायत लेकर आ रहे हैं।