भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मीना समाज ने अपनी मेहनत और ईमानदारी से प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज बंधु अपने सामाजिक दायित्वों का भी बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। शिक्षा, सामाजिक उन्नति का सबसे मजबूत आधार है। पिछले वर्षों में लगभग 550 प्रतिभाओं का सम्मान इस बात का प्रमाण है कि मीना समाज, शिक्षा और उत्कृष्टता को अपना पथ-प्रदर्शक मानता है। मृत्यु भोज जैसी कुप्रथाओं का विरोध, दहेज मुक्त और सादे विवाहों का समर्थन एवं सामूहिक विवाह सम्मेलनों को प्रोत्साहन देकर समाज ने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध मजबूत संदेश दिया है। ऐसे प्रयास समाज को शिक्षित और कुरीतियों से मुक्त करते हुए समाज बंधुओं को प्रगति की राह पर अग्रसर करते हैं। यह प्रयास प्रदेश और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा देते हैं। राज्य सरकार मीना समाज के इन प्रयासों में पूरी तरह साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में आयोजित मीना समाज सम्मेलन और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मध्यप्रदेश मीना समाज सेवा संगठन की ओर से तीन बड़ी मालाऐं पहनाकर स्वागत अभिनंदन और साफा बांधकर अंग वस्त्रम भेंट कर सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के लिए पूर्व मंत्री राम निवास रावत ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया।
सोमनाथ हमारे आत्मबल, पुनर्जागरण और अविनाशी विश्वास का है प्रतीक:
मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह सौभाग्य का विषय है कि भगवान श्रीमहाकाल और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग हमारे प्रदेश में विद्यमान है और प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन का अवसर प्राप्त हो रहा है। बार-बार ध्वस्त होकर भी सोमनाथ का पुनर्निर्माण यह उद्घोष है कि, शिव शाश्वत हैं, हमारी आस्था अडिग है और सनातन की चेतना अमर है। सोमनाथ हमारे आत्मबल, पुनर्जागरण और अविनाशी विश्वास का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री रविवार को आर्ट ऑफ़ लिविंग संस्था एवं भोपाल उत्सव मेला की सोमनाथ ज्योतिर्लिंग रूद्र पूजा और मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन के रवीन्द्र भवन- मुक्ताकाश परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक भगवान दास सबनानी, भोपाल उत्सव मेला के मनमोहन अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता माखन सिंह और राहुल कोठारी विशेष रूप से उपस्थित थे। डॉ. यादव ने कहा कि शिव ही सत्य और सनातन हैं। पंच महाभूतों से बने हमारे शरीर का शिव ही सनातन संस्कृति की मूल अवधारणाओं से परिचय कराते हैं।




