नई दिल्ली: हिमालयी क्षेत्रों में हो रही निरंतर बर्फबारी ने उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। पहाड़ से आ रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और बिहार जैसे राज्य इस समय भीषण शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के 68 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, जहां विजिबिलिटी यानी दृश्यता गिरकर शून्य तक पहुंच सकती है। उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे का असर इतना अधिक है कि 10 मीटर की दूरी पर देख पाना भी मुश्किल हो रहा है। मध्य प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप जारी है, जहां 31 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। झारखंड के मैक्लुस्कीगंज में पारा गिरकर 1.7 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि गुमला में पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया और वहां तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।




