दंपती के आत्मदाह मामले में आया नया मोड़

0

देवास (मध्य स्वर्णिम): जिले के सतवास में अतिक्रमण हटाने के दौरान आत्मदाह का प्रयास हुआ था। व्यास दंपती के इस आत्मदाह मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। संतोष व्यास और उनकी पत्नी जयश्री व्यास के इस गंभीर मामले में सामने आए नए वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को और उलझा दिया है। पहले वायरल हुए वीडियो में महिला पर पेट्रोल से भरी बोतल फेंकने का आरोप लगाया जा रहा था। अब उसकी पहचान जयश्री व्यास की जेठानी सरस्वती व्यास के रूप में हुई है। फिलहाल, जयश्री व्यास की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज इंदौर के अस्पताल में चल रहा है। वहीं, संतोष व्यास भी गंभीर रूप से झुलस चुके हैं। इस बीच घटना से जुड़े एक के बाद एक वीडियो सामने आने से पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। घटना का जो पहला वीडियो सामने आया था उसमें साफ दिखाई दे रहा था कि तहसीलदार अरविंद दिवाकर से बहस के दौरान संतोष और जयश्री व्यास आत्मदाह की धमकी दे रहे हैं।
कई सवाल अब भी बाकी:
हालांकि वीडियो और बयानों के बाद भी कई सवाल अब तक अनसुलझे हैं। माचिस किसके हाथ में थी, बोतल में पेट्रोल बचा था या नहीं, और आग किस क्षण भड़की इन सभी बिंदुओं पर जांच अभी जारी है।