भोपाल: एम्स स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की देखभाल के बेहतर मानकों के चलते राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत भारत सरकार ने एम्स भोपाल को 2 करोड़ रुपए का कायाकल्प पुरस्कार दिया है। यह सम्मान देश के चुनिंदा सरकारी अस्पतालों और संस्थानों को दिया जाता है, जो स्वच्छता और गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। एम्स भोपाल को यह पुरस्कार अस्पताल परिसर की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, पर्यावरणीय प्रबंधन और रोगी-केंद्रित सेवाओं में बेहतर कार्य के लिए मिला है। इस उपलब्धि को अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों और सहयोगी कर्मियों की सामूहिक मेहनत का नतीजा माना जा रहा है।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से वर्ष 2024-25 के लिए कुल 9.57 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि देश के बेहतरीन सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को दी गई है। इस सूची में एम्स भोपाल को 2 करोड़ रुपए की राशि देकर प्रमुख स्थान दिया गया है। इसके अलावा एम्स दिल्ली को 3 करोड़ रुपए, एम्स जोधपुर को 1 करोड़ रुपए, विनोबा भावे सिविल अस्पताल सिलवासा को 31.75 लाख रुपए, एम्स भुवनेश्वर, एम्स पटना और एम्स रायपुर को भी 31.75 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई है।




