बैतूल और धार को मिली मेडिकल कॉलेज की सौगात

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने बैतूलवासियों को मेडिकल कॉलेज की मंगलवार को अभूतपूर्व सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने 383 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भूमि-पूजन और लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुलताई का नाम मूलतापी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नड्डा की उपस्थिति में आज किए गए भूमि-पूजन और लोकार्पण से बैतूल की तस्वीर और तकदीर बदल जाएगी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से बैतूल एवं आस-पास के जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को आसानी से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को उत्कृष्ट बनाने की दिशा में एतिहासिक और अद्वितीय कार्य हुआ है। दूरस्थ अंचलों में भी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से अब गरीब और आम व्यक्तियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगी है। केन्द्रीय मंत्री नड्डा बैतूल में पुलिस ग्राउंड में पीपीपी मोड पर बनने वाले देश के पहले मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुआ है। आज 1 लाख 81 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से जच्चा-बच्चा को स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। आज देश में सभी के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए आयुष्मान योजना का लाभ ही नहीं दिया जा रहा है बल्कि टीकाकरण के माध्यम से प्रत्येक बच्चे के जीवन की रक्षा के लिए 12 प्रकार के टीके कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में मातृ मृत्यु दर दुनिया से कम है। पांच वर्ष के बच्चे की मृत्यु दर में भारत में कमी आई है। आरोग्य मंदिर के माध्यम से डेंटल हेल्थ, मेंटल हेल्थ हाईपर टेंशन, डाइबिटीज, कैंसर रोकने का काम बहुत तीव्र गति से चला है। टेलीमानस के माध्यम से बिना किसी को बताए सिर्फ एक टेलीफोन नंबर पर इलाज कर रहे हैं।