खंडवा (मध्य स्वर्णिम): खंडवा के कांग्रेस नेता यशवंत सिलावट को महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिलावट रविवार दोपहर को कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान कोतवाली स्टाफ के साथ पहुंची महाराष्ट्र पुलिस ने उन्हें कस्टडी में ले लिया। कोतवाली थाने में कुछ देर तक पूछताछ की गई, फिर पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ महाराष्ट्र ले गई। कार्रवाई धुलिया जिले की सिरपुर तालुका पुलिस ने हत्या के प्रयास से जुड़े केस में की है। पुलिस के मुताबिक, करीब सालभर पहले सिलावट ने एक शख्स पर गोली चला दी थी। वह बुरी तरह घायल हो गया था। सिलावट मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा रखी थीं। सालभर में सिलावट ने अग्रिम जमानत के लिए जिला न्यायालय, धुलिया से लेकर मुंबई हाईकोर्ट तक याचिका लगाईं। सभी खारिज होती रहीं। पुलिस ने उनसे संपर्क कर गिरफ्तारी देने के लिए सिरपुर तालुका थाने बुलाया लेकिन वे ना- नुकर करते रहे। इसके बाद सीनियर अफसरों के निर्देश पर स्पेशल टीम गठित की गई, जिसने सिलावट को गिरफ्तार कर लिया।
प्रॉपर्टी का मामला : सिलावट
महाराष्ट्र पुलिस MH19 ER 7707 नंबर की इनोवा वाहन से खंडवा आई थी। कार्रवाई के दौरान मीडियाकर्मियों ने सिलावट से बात करनी चाही तो वे बोले- मैं प्रॉपर्टी की खरीदी-बिक्री के कारोबार से जुड़ा हूं। कोई मामला हो गया है, पुलिस पूछताछ के लिए मुझे ले जा रही है। मैं वापस आकर मीडिया से मिलूंगा और अपनी बात रखूंगा। रविवार दोपहर को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा स्कीम का नाम बदलने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रखा था। सभी नेता नगर निगम तिराहे पर मौजूद थे।




