भाजपा नेता के घर आयकर टीम की दबिश

0

कटनी (मध्य स्वर्णिम): आयकर विभाग की टीमों ने भाजपा नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा के घर पर दस्तक दी। यह कार्रवाई केवल उनके घर तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके भाई शंकरलाल विश्वकर्मा और उनसे जुड़े तमाम कारोबारी ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है। जबलपुर और भोपाल से आए 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने अशोक विश्वकर्मा के घर, होटल और खदानों को छावनी में तब्दील कर दिया है। आयकर विभाग की यह कार्रवाई बेहद गोपनीय और सुनियोजित थी। सूत्रों के अनुसार, स्थानीय पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के लिए बिल्कुल अंतिम समय पर सूचित किया गया, ताकि खबर लीक न हो सके। सुरक्षा बलों के साथ आई टीम ने सबसे पहले अशोक विश्वकर्मा के जालपा देवी वार्ड और गौतम मोहल्ला स्थित निवास को घेरा और सभी के फोन जब्त कर लिए। आईटी की टीमों ने विश्वकर्मा परिवार के कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। इनमें जालपा देवी वार्ड, गौतम मोहल्ला स्थित तीन मकान और मुख्य कार्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, टिकरिया स्थित बॉक्साइट खदानें, माइनिंग से जुड़े अन्य ठिकाने, बरगवां स्थित होटल परिसर और शहर में स्थित पानी की फैक्ट्री में भी दबिश दी गई है। अधिकारियों ने इन सभी स्थानों को सील कर दिया है। किसी के भी अंदर या बाहर आने-जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह छापामार कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की शिकायतों के आधार पर की जा रही है। जांच का मुख्य फोकस बीएमसी विश्वकर्मा माइनिंग ग्रुप से जुड़े दस्तावेजों पर है।