राज कुमार गोयल संभालेंगे मुख्य सूचना आयुक्त का पद, कल लेंगे शपथ

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): हीरालाल समरिया का कार्यकाल पूरा होने के बाद मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) का पद खाली चल रहा था, जो कि जल्द भरने जा रहा है। पूर्व आईएएस अधिकारी राज कुमार गोयल सोमवार (15 दिसंबर) को नए सूचना आयुक्त के तौर पर शपथ लेंगे। गोयल के नाम की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले तीन सदस्यीय पैनल ने सिफारिश की थी। गोयल 1990 बैच के (सेवानिवृत्त) अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम- केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। वह 31 अगस्त को कानून और न्याय मंत्रालय के तहत न्याय विभाग में सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में भी काम किया है और केंद्र और तत्कालीन जम्मू और कश्मीर राज्य दोनों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि राष्टपति मुर्मू सोमवार को गोयल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। मालूम हो कि हीरालाल सामरिया का कार्यकाल 13 सितंबर को पूरा होने के बाद सीआईसी का पद खाली हो गया था। ऐसे में पीएम मोदी की अध्यक्षता वाले पैनल ने बुधवार को हुई अपनी बैठक में केंद्रीय सूचना आयोग में आठ सूचना आयुक्तों (ICs) के नामों की भी सिफारिश की। जानकारी के अनुसार इसके साथ ही नए चुने गए मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों के शामिल होने के बाद, नौ साल से अधिक के अंतराल के बाद आयोग पूरी ताकत से काम करेगा। आयोग का नेतृत्व एक मुख्य सूचना आयुक्त करता है और इसमें अधिकतम दस सूचना आयुक्त हो सकते हैं।