नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): इंडिगो एयरलाइंस में तकनीकी खराबी और स्टाफ की कमी के चलते पिछले कई दिनों से लगातार फ्लाइट रद्द होने और देरी की समस्या के बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से बड़ा अपडेट सामने आया है। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि अब तक यात्रियों को कुल 610 करोड़ रुपये से अधिक के रिफंड प्रोसेस कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, शनिवार तक देशभर में यात्रियों को 3000 बैग डिलीवर किए जा चुके हैं। बता दें कि सरकार ने इंडिगो को सख्त निर्देश दिए थे कि रद्द हुई उड़ानों के टिकटों का पूरा रिफंड रविवार शाम तक प्रोसेस कर लिया जाए और यात्रियों से अलग हुए सामान को अगले दो दिनों (48 घंटे) के अंदर डिलीवर कर दिया जाए। मंत्रालय की ओर जारी बयान में बताया गया है कि इंडिगो का विमानन नेटवर्क तेजी से पूरी तरह सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है और परिचालन पूरी तरह स्थिर होने तक सभी सुधारात्मक कदम जारी रहेंगे। एयरलाइन को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उड़ान रद्द होने या देरी की वजह से अलग हुए बैग का पता लगाकर उन्हें 48 घंटे के अंदर यात्रियों तक पहुंचाया जाए। बयान के अनुसार, इंडिगो ने अब तक 610 करोड़ रुपये से ज्यादा के रिफंड पूरे कर लिए हैं।
धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात:
इंडिगो के सीईआ देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो अपने संचालन को तेजी से सामान्य करने में जुटी है। हाल ही में आए परिचालन संकट के बाद कंपनी ने स्थिति को सुधारने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी क्रम में कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स ने बताया कि रविवार को एयरलाइन करीब 1,650 उड़ानें संचालित करेगी। एल्बर्स ने कहा कि इंडिगो की टीम चरणबद्ध तरीके से सेवाओं को बहाल कर रही है और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए हर स्तर पर काम जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में उड़ानों का संचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा। एल्बर्स ने आगे कहा स्टेप बाय स्टेप, वी आर गेटिंग बैक। एयरलाइन ने हाल के दिनों में पायलटों की कमी, शेड्यूल में बाधा और यात्रियों की बढ़ी शिकायतों जैसी चुनौतियों का सामना किया है।




