नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): पहाड़ी इलाकों से बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ गई है। मध्य प्रदेश में आज शीतलहर का अलर्ट है। प्रदेश के 24 शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम रहा। शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा। यहां पर न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। राजस्थान में आज से कड़ाके की सर्दी से राहत मिल सकती है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं, शनिवार को जोधपुर, जैसलमेर समेत कुछ जिलों में बादल छाए रहे, हालांकि बारिश नहीं हुई। इधर, उत्तराखंड में रविवार को बद्रीनाथ केदारनाथ समेत अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्तरकाशी समेत 3 जिलों में बारिश की संभावना है। शनिवार को केदारनाथ में तापमान माइनस 16d और बद्रीनाथ में माइनस 11 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल में ठंड बढ़ने से अब झरनों का पानी जमने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान माइनस में चला गया है। ठंड बढ़ने के बाद अब पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट भी बढ़ने लगे हैं। लाहौल स्पीति के कोकसर में ठंड बढ़ने से झरमा जम गया। दिसंबर की सर्दी के बीच हिमालय के जंगल धधक उठे हैं। इससे उत्तर भारत में वायु प्रदूषण का खतरा और अधिक बढ़ गया है। उत्तराखंड के बागेश्वर, चमोली, गोपेश्वर और आसपास के इलाकों में आग का दायरा लगातार बढ़ रहा है। बागेश्वर की गढ़खेत रेंज के रियुनी, लखमार और बगोटिया के जंगलों में भी आग फैल चुकी है। चमोली के पोखरी और अल्मोड़ा रानीखेत के इलाके भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। गढ़खेत के वनक्षेत्राधिकारी प्रदीप कांडपाल ने बताया कि आग का दायरा काफी बड़ा है, इसलिए काबू करने में समय लग रहा है। स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया जा रहा है। दरअसल, यहां पहाड़ों पर पिछले दो महीने से बारिश और बर्फबारी पूरी तरह थमी हुई है।




