भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को बोट क्लब में शिकारा नावों को झंडी दिखाकर शुभारंभ कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजा भोज की नगरी भोपाल में लगभग एक हजार साल पहले बने बड़े तालाब में ‘शिकारा नाव’ सेवा का शुभारंभ ऐतिहासिक अवसर है। इन नवीन 20 शिकारों के माध्यम से पर्यटकों को कश्मीर की प्रसिद्ध डल झील का आनंद, झीलों की नगरी भोपाल में ही मिल जाएगा। शिकारों में पर्यटकों के लिए खान-पान एवं आरामदायक बैठक व्यवस्था की गई है। यह शिकारे प्रदेश के जल-पर्यटन (वॉटर टूरिज्म) को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलवाएंगे। प्रदेशवासी पर्यटन सेवा का लाभ उठाने के लिए आगे आएं। एम.पी. टूरिज्म, वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को भी आगे बढ़ा रहा है। शिकारा सेवा का आनंद उठाते हुए पर्यटक स्वदेशी उत्पादों की खरीद भी कर पाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने वन्य जीवों के पुनर्वास में भी इतिहास रचा है। अंतर्राष्ट्रीय चीता दिवस पर कूनो में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने भी संबोधित किया। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में वन्य जीव पर्यटन को लेकर अपार संभावनाएं विद्यमान हैं। नर्मदा वैली सहित प्रदेश की बड़ी-बड़ी जल परियानाओं के माध्यम से पर्यटकों को आकर्षित करने वाली गतिविधियां को बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। पिछले एक साल में उज्जैन आने वाले पर्यटकों की संख्या 7 करोड़ के पार पहुंच गई।
भोपाल में शिकारा का सफर महसूस कराएगा कश्मीर का अहसास : खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि भोपाल में आज पर्यटन इतिहास का नया अध्याय जुड़ गया, जब शहर में पहली बार शिकारा सेवा का शुभारंभ हुआ। बोट क्लब पर शुरू की गई इस अनूठी पहल ने राजधानी में कश्मीर जैसा अनुभव प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम रखा है। शहर के लोग शिकारा की सवारी का रोमांच और डल झील जैसी शांति का अनुभव यहीं भोपाल में प्राप्त कर सकेंगे। यह सेवा न केवल मनोरंजन क्षेत्र में नया आकर्षण जोड़ेगी, बल्कि इससे पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि मध्यप्रदेश के पर्यटन विकास को नई दिशा मिली है। शिकारा सेवा से बोट क्लब क्षेत्र और भी आकर्षक बनेगा, जिससे आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसे राजधानी की पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाला कदम बताया है। उन्होंने कहा कि भोपाल की प्राकृतिक सुंदरता, झीलों का आकर्षण और अब शिकारा का सौंदर्य, यह सब मिलकर राजधानी को देश के प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशनों में और मजबूत स्थान दिलाएगा। यह सेवा युवाओं, परिवारों और बाहरी पर्यटकों के लिए एक नया, रोमांचक और यादगार अनुभव लेकर आई है, जो आने वाले समय में शहर की पर्यटन छवि को और उज्ज्वल बनाएगा।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.




