नई दिल्ली: अमेरिका से प्रत्यर्पित लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही एनआईए ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद एनआईए की टीम ने आरोपी को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने 11 दिन की एनआईए रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार गैंगस्टर को एनआईए मुख्यालय लाया गया। अनमोल बिश्नोई दिवंगत एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में आरोपी है। वहीं सलमान खान पर फायरिंग जैसे कई मामलों में वांछित भी है। एनआईए ने कोर्ट से अनमोल की 15 दिनों की कस्टडी मांगी थी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और उसके करीबी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से लौटने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि अनमोल को अमेरिका ने मंगलवार को भारत डिपोर्ट कर दिया था। इसके बाद दिल्ली पहुंचते ही एनआईए ने उसे पकड़ लिया। बिश्नोई गिरोह के विभिन्न सहयोगियों के साथ मिलकर काम करते हुए अनमोल ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए अमेरिका से आतंकवादी सिंडिकेट चलाना और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देना जारी रखा। इसके लिए उसने जमीनी स्तर पर उसके गुर्गों का इस्तेमाल किया। जांच से पता चला है कि अनमोल बिश्नोई ने गिरोह के शूटरों और जमीनी गुर्गों को आश्रय और रसद सहायता प्रदान की थी। वह अन्य गैंगस्टरों की मदद से विदेशी धरती से भारत में जबरन वसूली में भी शामिल था।




