खेलों से हमें प्रतिस्पर्धा और सहयोग की प्रेरणा मिलती है : शुक्ल

0

भोपाल: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विश्वविद्यालय स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में खेलों के कई बड़े आयोजन होते रहे हैं। यहाँ के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा की चमक दिखाई है। खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। खेलों से हमें प्रतिस्पर्धा और सहयोग की प्रेरणा मिलती है। खेलों में शामिल होने के साथ अच्छी खेल प्रतियोगिता को देखना भी बड़ा आनंददायक होता है। राष्ट्रीय एकता मंच ने 10 से 16 नवम्बर तक क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया। स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल के लिए जो हम लोग नहीं कर पाए उसे आयोजन समिति ने करके दिखा दिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल का पुत्र होने पर मुझे गौरव का अनुभव होता है। मैं यदि उनका पुत्र नहीं होता तो मैं जहाँ पर हूँ वहाँ शायद नहीं होता। मेरे पिताजी के सामाजिक कार्यों और जनता की सेवा ने उन्हें यशस्वी बनाया।