भोपाल: पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, समग्र स्वास्थ्य और आंतरिक शांति के प्रति जनजागरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हार्टफुलनेस संस्था द्वारा आयोजित ग्रीन हार्टफुलनेस रन-2025 उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। टी.टी. नगर स्टेडियम से प्रारम्भ हुए इस आयोजन में 600 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी दर्ज की। रन से पूर्व प्रतिभागियों ने जुम्बा सेशन का आनंद लिया, जिसे डॉ. प्रिया शर्मा और उनकी टीम ने ऊर्जा से भरपूर शैली में संचालित किया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने हरित वसुंधरा के संरक्षण, संतुलित जीवनशैली और आंतरिक सामंजस्य के लिए ध्यान योग अपनाने का संकल्प लिया। रन संबंधी दिशा-निर्देश और जानकारी बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के डॉ. आलोक मिश्रा द्वारा प्रदान की गई। रन का फ्लैगङ्कऑफ डॉ. प्रदीप अष्टट्या, सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, म.प्र. शासन द्वारा डॉ. नील केलकर, डॉ. आलोक मिश्रा, श्री जयसिंह तोमर, निरूपा पाण्डेय और थाना प्रभारी, कमला नगर के साथ संयुक्त रूप से किया गया। खेल एवं युवा कल्याण और सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग ने अपने संदेश में हार्टफुलनेस संस्था एवं वैश्विक मार्गदर्शक पूज्य दाजी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और पर्यावरण चेतना को सशक्त बनाते हैं तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। इस अवसर पर हार्टफुलनेस वन पहल को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय और लुप्तप्राय वृक्ष प्रजातियों के रोपण, पोषण और संरक्षण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों, प्रशासन अकादमी के प्रशिक्षणार्थियों, विद्यार्थियों तथा भोपाल पुलिस के अनेक जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रन के पश्चात आयोजित हार्टफुलनेस मेडिटेशन सेशन में प्रतिभागियों ने सरल, सहज और प्रभावी ध्यान विधि का अनुभव किया।




