रिहायशी मकान से बड़ी मात्रा में डायनामाइट बरामद

0

छिंदवाड़ा (मध्य स्वर्णिम): घनी आबादी वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 288 के तहत मामला दर्ज किया है। विस्फोटक का स्रोत, उपयोग और संभावित सप्लाई चेन को लेकर जांच जारी है।छिंदवाड़ा के गुलाबरा क्षेत्र में पुलिस ने देर शाम एक रिहायशी मकान पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की। मकान से 204 छोटे और 2 बड़े डायनामाइट स्टिक, साथ ही तार का बंडल मिला। विस्फोटक मिलने की जानकारी लगते ही इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके से जाहिद (50) पिता मोहम्मद खान को गिरफ्तार किया है। उसके पास ब्लास्टिंग का लाइसेंस है, लेकिन उसने नियमों का उल्लंघन करते हुए पूरे विस्फोटक को घर में छिपाकर रखा था। पुलिस के मुताबिक, रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक रखना बेहद खतरनाक है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।थाना प्रभारी ने बताया कि मकान के आसपास घनी आबादी है। ऐसे में जरा सी चूक भी बड़ा विस्फोट करा सकती थी। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता देखते हुए तुरंत छापेमारी की और सभी स्टिक जब्त कर लीं।आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में डायनामाइट आखिर आया कहां से और क्या इसे कहीं और सप्लाई किया जाना था।पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल तेजी से की जा रही है। छिंदवाड़ा पुलिस घटनास्थल से मिले अन्य सुरागों के आधार पर यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या मामले में और लोग शामिल हैं।