राजधानी में आज से इज्तिमा की मेजबानी

0

भोपाल: एक बार फिर दुनिया के सबसे बड़े इस्लामिक आयोजनों में से एक आलमी तब्लीगी इज्तिमा की मेजबानी करने जा रही है। इस साल यह आयोजन अपने 78वें संस्करण में शुक्रवार 14 नवंबर से 17 नवंबर तक ईंटखेड़ी के घासीपुरा मैदान में होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक समागम में करीब 15 लाख जायरीन के शामिल होने की संभावना है। गुरुवार को जमतियों का आना शुरू हो गया है। विदेशों से आने वाले जायरीन के लिए अनुवादकों की टीम लगाई गई है। मूक-बधिर श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष सहायता केंद्र तैयार किए गए हैं। भोपाल का तब्लीगी इज्तिमा 1947 में महज 13 लोगों के साथ मस्जिद शकूर खां से शुरू हुआ था। 1971 में इसे ताज-उल-मसाजिद परिसर में शिफ्ट किया गया, और फिर बढ़ती भीड़ के चलते 2003 से इसका आयोजन ईंटखेड़ी में किया जा रहा है। आज यह बांग्लादेश और पाकिस्तान के साथ दुनिया के तीन सबसे बड़े इज्तिमाओं में शामिल है। इज्तिमा की शुरुआत शुक्रवार की सुबह फज्र की नमाज के साथ होगी। इसके बाद इस्लामी विद्वानों के बयान (व्याख्यान) होंगे। शुक्रवार को असर की नमाज के बाद करीब 300 जोड़ों का निकाह संपन्न कराया जाएगा।