भोपाल: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में भव्यता से मनाई जाएगी। इस अवसर पर जबलपुर और आलीराजपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें जनजातीय नायकों पर प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समुदाय के प्रगतिशील किसान, युवा और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भावांतर योजना और समाधान योजना से लाभान्वित हुए किसानों व उपभोक्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को देवास से किसानों के खातों में भावांतर योजना की राशि अंतरित की जाएगी। इस योजना के तहत अब तक 9 लाख 36 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मॉडल रेट से किसानों में उत्साह है और कई किसान संगठन आभार यात्राओं का आयोजन करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली बिलों का भुगतान न कर पाने वाले 90 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को समाधान योजना का लाभ मिलेगा। इसमें तीन माह या उससे अधिक समय से बकाया रखने वाले घरेलू, गैर- घरेलू, कृषि और औद्योगिक उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत तक सरचार्ज में छूट दी जाएगी। उन्होंने मंत्रीगण से इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित भारत पर्व में 11 नवंबर को मध्यप्रदेश दिवस कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें 75 कलाकार प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, लोककला और पौराणिक विरासत को प्रदर्शित करेंगे। बता दें इस कार्यक्रम में सीएम शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि लांझी, बालाघाट की महिला नक्सली सुनीता ने 1 नवंबर को आत्मसमर्पण किया। उस पर 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था।




