सतना की प्रिया अग्रवाल बनी डिप्टी कलेक्टर!

0

सतना: कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती… इस पंक्ति को मध्यप्रदेश में सतना जिले के बिरसिंहपुर कस्बे की बेटी प्रिया अग्रवाल ने सच कर दिखाया है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2023 ज की परीक्षा में प्रिया ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर प्रदेश में छठवीं रैंक हासिल की है। इस शानदार सफलता के साथ, वह अब डिप्टी कलेक्टर बनेंगी। यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि प्रिया एक बेहद सामान्य पृष्ठभूमि से आती हैं। उनके पिता, विजय अग्रवाल, बिरसिंहपुर के प्रसिद्ध गैवीनाथ शिव मंदिर के समीप नारियल-प्रसाद की एक छोटी सी दुकान चलाते हैं। बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने पूरे परिवार और जिले का नाम रोशन कर दिया है।
गांव में जश्न, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत:
जैसे ही प्रिया के डिप्टी कलेक्टर बनने की खबर उनके गृहनगर बिरसिंहपुर पहुंची, पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया। यह प्रिया की दूसरी सरकारी नौकरी है; इससे पहले वे डिस्ट्रिक्ट लेबर ऑफिसर (जिला श्रम अधिकारी) के पद पर चयनित हुई थीं और वर्तमान में रीवा जिले में पदस्थ थीं। जब प्रिया रीवा से अपने घर पहुंचीं, तो स्थानीय लोगों और परिजनों ने उनका ढोल- नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। हर कोई अपनी गांव की बेटी की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा था।