बार-बार चुनावों से रुकता है विकास : हेमंत, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ आज की जरूरत

0

भोपाल: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि देश को निरंतर चुनावी मोड से बाहर निकालने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों के कारण देश का बड़ा हिस्सा हमेशा आचार संहिता में जकड़ा रहता है, जिससे विकास, निर्माण और शासन की गति प्रभावित होती है। अगर देश हर साल तीन- चार महीने चुनावों में उलझा रहेगा, तो विकास कैसे होगा? उन्होंने यह बात भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में कही। खंडेलवाल ने कहा कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ आज की आवश्यकता है, क्योंकि इससे देश का धन और समय दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि दुनिया के कई देशों जैसे हंगरी, जापान, स्पेन, पोलैंड, इंडोनेशिया, बेल्जियम और दक्षिण अफ्रीका में एक साथ चुनाव की व्यवस्था पहले से लागू है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे एकता और राष्ट्रहित की भावना से जुड़ें, क्योंकि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2014 में भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था, जो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2030 तक भारत चीन और अमेरिका के बाद तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनेगा, और 2050 में दुनिया का नेतृत्व करेगा।