दरभंगा (मध्य स्वर्णिम): बिहार में पहले चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गृहमंत्री अमित शाह ने दरभंगा के जाले में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा और जनता से कई वादे किए। अमित शाह ने कहा कि बिहार ने 15 साल लालू व राबडी के जगंल राज को देखा। अब वह इसको फिर से वापस लाना चाहते हैं। हमारा काम जंगल राज को रोकना और दरभंगा को विकसित जिला बनाना है। शाह ने कहा कि लालू राबडी 15 साल तक मुख्यमंत्री थे, उन्होंने दरभंगा के लिए क्या किया? दरभंगा में एम्स बनाने का काम मोदीजी ने किया। किसी को पटना- दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि एक माई कह रही थी कि एम्स बन जाएगा, इलाज के लिए रुपया कहां से आएगा। मोदी सरकार ने तीन करोड़ से अधिक लोगों का इलाज मुफ्त कर दिया है। दरभंगा का आइटी पार्क बिहार के युवाओं को नौकरी व रोजगार देने का काम करेगा। शाह ने कहा कि पूरे मिथिला क्षेत्र में संभावनाओं का अंबार लगने वाला है। पुनौराधाम में साढे आठ सौ करोड़ से मां सीता का भव्य मंदिर बन रहा है। इसे रामायण सर्किट से भी जोड़ने वाले हैं। अयोध्या से सीतामढ़ी के बीच 45 सौ करोड़ से एक नया रेल मार्ग बनाएंगे, वंदे भारत ट्रेन शुरू होगा। 250 करोड़ से जाले का बाइपास बन रहा है। दरभंगा में मेट्रो भी चलने वाला है। जाले में सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र भी नरेन्द्र मोदी बना रहे हैं।
लालू-राबड़ी पर बोला हमला:
उन्होंने पूछा- लालू-राबडी ने कुछ किया था क्या? चारा घोटाला किसने किया? अलकतरा का घोटाला किसने किया? वर्दी घोटाला किसने किया? बाढ़ राहत का घोटाला किसने किया? भीड़ से आवाज आई लालू ने।मोदी जी ने 11 साल और नीतीश कुमार ने 20 साल शासन किया कोई घोटाला किया क्या? सीएम और पीएम की कोई वैकेंसी नहीं है। आपकी चिंता केवल नरेन्द्र मोदी एवं नीतीश कुमार कर सकते हैं। राहुल ने जाले में घुसपैठिया बचाओ यात्रा निकाले थे। हम देश से चुन-चुनकर घुसपैठिया निकालेंगे।मोदी जी की मां के लिए इसी भूमि पर अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया गया। जब- जब राहुल बाबा ने मोदी के लिए अपशब्द कहे, मोदी प्रचंड बहुमत से जीतकर आए। नरेन्द्र मोदी बिहार को विकसित राज्य बनाएंगे।




