पटना: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बिहार के पटना की दिघा विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी संजीव चौरसिया के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार और पटना का चुनावी वातावरण एक अलग करवट ले रहा है। जैसे-जैसे चुनाव परवान चढ़ रहा है, बिहार का चुनावी माहौल एनडीए की जीत की इबारत लिख रहा है, विजय जुलूस की तैयारी कर रहा है। एनडीए के पक्ष में बिहार में यह वातावरण उस विकास के कारण है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में नीतीश कुमार जी की सरकार ने किया है। उन्होंने 55 सालों का बिहार का पिछड़ापन महज 20 सालों में खत्म कर दिया है। बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार जी के नेतृत्व् में एनडीए की सरकार बनेगी। जनसभा को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी ने भी संबोधित किया।
मध्यप्रदेश और बिहार का ऐतिहासिक रिश्ताः
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और बिहार का रिश्ता ऐतिहासिक है। सम्राट अशोक के काल में दो महाजनपद हुआ करते थे, उनमें से एक उज्जैन है। सम्राट अशोक ने 10 वर्षों तक युवराज के रूप में उज्जैन में राजकाज का अनुभव लिया और जब यहां आकर सम्राट बने, तो सुशासन का नया इतिहास लिख दिया, जिसे सारी दुनिया याद करती है। हमारी राष्ट्रीय मुद्रा में अंकित अशोक चिह्न हमें उस दौर की याद दिलाता है। राजा भोज के काल में भी बिहार और मध्यप्रदेश के संबंध रहे हैं। जिन भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन में शिक्षा ग्रहण की, उन्होंने अपने पुत्र सांब के माध्यम से बिहार में सूर्य मंदिर का निर्माण कराया था।
अलग तरीके से काम कर रही मोदी सरकारः
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज अगर भगवान राम अयोध्या में माता सरयू के किनारे मुस्कुरा रहे है, तो यह लीला ऐसे ही नहीं हुई है। यह काम सिर्फ सुप्रीम कोर्ट के फैसले से नहीं होना था, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने तो तीन तलाक के मामले में भी फैसला दिया था, लेकिन क्या हुआ? कांग्रेस की सरकार ने पूरा फैसला पलट दिया था और सुप्रीम कोर्ट का निर्णय धरा रह गया। देश में आज श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार है। उनके मार्गदर्शन में अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बना है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने पर देश में एक चीटी तक नहीं मरी। शांति से सब हो गया। यह हमारा सरकार चलाने का तरीका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के मार्गदर्शन में उज्जैन में बाबा महाकाल के महालोक का शुभारंभ हुआ, वे सनातन संस्कृति के सबसे बड़े रक्षक हैं। जल्द ही यमुना के किनारे मथुरा में कृष्ण-कन्हैया का भी तीर्थ बनेगा।
इंडी गठबंधन के नेताओं ने किया बिहार का अपमान:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस चुनाव में एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो अपना हर वादा निभाते हैं, लोकतंत्र का सम्मान करते हैं। दूसरी तरफ हैं एक ही परिवार के नेता, जो चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से एक की दादी ने आपातकाल लागू कर लोकतंत्र का गला घोटा था। उनका अपनी वाणी पर नियंत्रण नहीं है, पता नहीं क्या- क्या बोलते हैं। स्व. अटलजी लंबे समय तक नेता प्रतिपक्ष रहे और उन्होंने अपने व्यवहार से इस पद को गौरवान्वित किया। लेकिन वर्तमान के नेता प्रतिपक्ष ऐसी भाषा बोलते हैं, जिससे हर कोई शर्मसार हो जाए।




