सबका साथ-सबका विकास बोलकर नहीं, करके दिखाती है भाजपा: डॉ. मोहन यादव

0

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कुम्हरार विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी संजय गुप्ता एवं विक्रम विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी सिद्धार्थ सौरभ का नामांकन जमा कराया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुम्हरार विधानसभा के कदमकुआं एवं विक्रम विधानसभा के पार्वती विद्यालय के मैदान में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और सेनाएं तैयार हो गई हैं। जिस प्रकार का समय आज सारी दुनिया में चल रहा है, उसे देखते हुए भारत को दुनिया में मान-सम्मान के साथ आगे बढ़ाने के लिए एनडीए की सरकार जरूरी है। बिहार में विकास की इबारत लिखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनना निश्चित है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ-सबका विकास सिर्फ बोलती नहीं है, करके दिखाती है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि इस चुनाव में भाजपा और एनडीए को रिकॉर्ड मतों से जिताने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आप लोगों ने 2004-2005 के पहले का बिहार देखा होगा। उस समय बिहार में डकैतों का बोलबाला था, कितनी खराब हालत थी। यहां जंगलराज था। इसके लिए कांग्रेस भी जवाबदेह है।

कांग्रेस करती है सेना, लोकतंत्र और भगवान राम का अपमान:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का अपमान किया था, लेकिन बिहार की जमीन स्व. जयप्रकाश नारायण की कर्मभूमि है, जिन्होंने आपातकाल में प्रजातंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। हमें इस बात की प्रसन्नता है कि एक गरीब परिवार में जन्मे नरेंद्र मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। इन्हें खुद नहीं मालूम और फिर सुप्रीम कोर्ट में जाकर माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सेना जान की बाजी लगाकर सीमाओं की सुरक्षा करती है। जरूरत पडऩे पर पाकिस्तान को पानी पिलाती है और उसका बैंड भी बजा देती है। कांग्रेस के लोग उस सेना पर सवाल खड़े करके उसका अपमान करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गई है।