खाद के अवैध भंडारण पर कलेक्टर ने की बड़ी कार्रवाई

0

टीकमगढ़: जिले में कलेक्टर के आदेश पर अवैध खाद के भंडारण पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। 245 टन अवैध खाद जब्त किया है। वहीं पुलिस ने अवैध खाद का भंडारण करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि जिले में अवैध खाद भंडारण की सूचना मिली थी। बताया गया था कि खरगापुर तहसील के अंतर्गत आने वाले सरपंच सर्कनपुर गांव में खाद की अवैध कालाबाजारी की जा रही है। वहां पर अवैध भंडारण भी किया गया है। इस सूचना को सत्यापित कराया गया और सही पाया गया। टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोतिय के आदेश पर अवैध उर्वरक भंडारण करने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों के तहत अरविंद लोधी और चंद्रभान लोधी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मीडिया से बात करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार अगर कहीं भी खाद का अवैध भंडारण पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में सर्कनपुर में कार्रवाई की गई है। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि टीकमगढ़ जिले में अगर कोई अवैध खाद बेचते हुए या भंडारण करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने किसानों से कहा कि अगर कहीं पर भी अवैध खाद और रेट से अधिक बेचा जा रहा है तो वह तुरंत उन्हें सीधे मोबाइल पर सूचित कर सकते हैं।
245 टन अवैध खाद जब्त:
कलेक्टर ने बल्देवगढ़ एसडीएम और खरगापुर तहसीलदार के साथ कृषि विभाग को कार्रवाई के लिए आदेशित किया। पुलिस के सहयोग से मौके पर एक टीम पहुंची तो पता चला कि गांव के रहने वाले अरविंद लोधी और चंद्रभान लोधी बिना अनुमति के अपने घर में 245 टन अवैध उर्वरक का भंडारण किए हुए हैं। पुलिस ने पूरे माल को जब्त कर लिया और आरोपियों पर कार्रवाई की गई।