अमेरिका ने यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइल दिया तो रिश्ते होंगे हमेशा के लिए खत्म: पुतिन

0

मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइलें देता है ताकि वह रूस के भीतर भी हमले कर सके, तो मॉस्को और वाशिंगटन के संबंध हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे। पुतिन की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जबकि दो महीने पहले ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलास्का में शिखर बैठक की थी। तब शांति की उम्मीदें जगी थीं, लेकिन अब स्थिति और तनावपूर्ण होती दिख रही है। रूसी सेना यूक्रेन में लगातार आगे बढ़ रही है, और रूसी ड्रोन के नाटो क्षेत्र में प्रवेश की खबरें भी सामने आ रही हैं। इसी बीच अमेरिका खुले तौर पर रूस के भीतर हमलों की संभावना पर विचार कर रहा है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हाल ही में कहा था, कि वॉशिंगटन यूक्रेन के उस अनुरोध पर विचार कर रहा है, जिसमें उसने रूस के भीतर, यहां तक कि मॉस्को तक हमले करने के लिए टॉमहॉक मिसाइलें मांगी हैं। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला लिया गया या अभी रोक कर रखा गया है, यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है।