भोपाल (मध्य स्वर्णिम): इस वर्ष दशहरा पर्व 2 अक्टूबर, गुरुवार को देशभर में धूमधाम से मनाया जाएगा। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में इस पर्व को लेकर तैयारियां चरम पर हैं। शहर के अलग- अलग हिस्सों में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों का निर्माण तेजी से हो रहा है। दशहरा के इस ऐतिहासिक उत्सव को लेकर कलाकार, आयोजक और प्रशासन सभी पूरे उत्साह के साथ जुटे हैं। शहरभर में 200 से ज्यादा जगहों पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छोला, टीटी नगर, कोलार, जंबूरी मैदान, न्यू मार्केट और अवधपुरी प्रमुख स्थान हैं जहां विशाल आयोजन की तैयारी है।
5 फीट ऊंचे रावण को देखने आएंगे 50 हजार लोग:
विजयदशमी पर संस्कार उत्सव समिति द्वारा आयोजित 23वां महानगर विजयदशमी महोत्सव इस बार भी विशेष अंदाज में मनाया जाएगा। यह आयोजन केवल पुतला दहन तक सीमित न होकर सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बन गया है। संयोजक डॉ सुरजीत सिंह चौहान ने बताया कि इस वर्ष आयोजन की खास बात यह है कि भारत का सबसे छोटा रावण दहन होने जा रहा है। केवल 5 फीट ऊंचे रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा, लेकिन इसके बावजूद लगभग 50,000 लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। प्राकृतिक वातावरण में राम दरबार की झांकी, पुष्प रथ, रामलीला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र होंगी। वीआईपी और आम दर्शकों के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई हैं। संस्था का उद्देश्य केवल पर्व मनाना नहीं, बल्कि भाईचारा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
इन प्रमुख स्थानो में आयोजन:
छोला दशहरा मैदान:
श्री हिंदू उत्सव समिति के तहत 51 फीट के रावण, 45 फीट के कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्रीराम का तिलक 11 ब्राह्मणों द्वारा किया जाएगा। नासिक ढोल पार्टी, पुलिस बैंड और रथ यात्रा इस आयोजन को और भव्य बनाएंगे।
कोलार बंजारी दशहरा मैदान: यहां 105 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। आयोजन की निगरानी विधायक रामेश्वर शर्मा ने की।
अवधपुरी जंबूरी मैदान: भोजपाल महोत्सव मेला समिति द्वारा 111 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। साथ ही 2 अक्टूबर को भजन गायिका आशा वैष्णव की प्रस्तुति भी होगी।
टीटी नगर: नागरिक कल्याण समिति द्वारा राधौगढ़ के आतिशबाजों की भव्य आतिशबाजी और हनुमान लीला के मंचन का आयोजन किया जाएगा।
चल समारोह मार्ग की तैयारी अंतिम चरण में:
दुर्गोत्सव चल समारोह 3 अक्टूबर को भारत टॉकीज चौराहे से शुरू होकर प्रेमपुरा घाट तक जाएगा। आयोजन से पहले अधिकारियों की बैठक में मार्ग की मरम्मत, बैरिकेडिंग, पानी की व्यवस्था और स्वागत मंचों की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया है। श्री हिंदू उत्सव समिति ने गड्ढों को भरने की मांग रखी है ताकि चल समारोह निर्विघ्न संपन्न हो। सोमवार को हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में पी डब्ल्यू डी पुलिस अधिकारियों नगर निगम एमपीबी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सेंटराल लीयब्रेरी से दुर्गा विसर्जन चल समारोह मार्ग का निरीक्षण किया उसके पश्चात दशहरा चल समारोह बांके बिहारी मंदिर से घोड़ा नक्कास तक के मार्ग का निरीक्षण किया।