छतरपुर (मध्य स्वर्णिम): नेपाल में मध्य प्रदेश के 16 लोग फंसे हुए हैं। दरअसल, छतरपुर से नेपाल घूमने गए 16 लोग वहां फंस गए हैं। 16 लोगों में छह बच्चे शामिल हैं जो दो गाडिय़ों से वहां घूमने गए थे। पोखरा की तरफ घूमने के बाद काठमांडू पहुंचे थे। यहां जेन जी आंदोलन के कारण होटल में ही फंस गए हैं। होटल में फंसे लोगों ने वीडियो कॉल से वहां की सड़कों का हाल दिखाया है। सब कुछ बंद है। इसकी वजह से खाने को भी नहीं मिल रहा है। इनमें छह बच्चे हैं। दो बच्चे तो डेढ़ और दो साल के हैं। ऐसे में उनके लिए बहुत अधिक मुश्किलें हैं। होटल में रुके शख्स ने कहा कि हमलोग अपनी गाड़ी से यहां घूमने आए थे। पोखरा की तरफ घूम लिए हैं। अब पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले थे और आंदोलन शुरू हो गया। एक निजी होटल में हमलोग रुके हुए हैं। हमें कोई मदद नहीं मिल रही है। साथ ही आर्मी हमें यहां से निकलने नहीं दे रही है। होटल के स्टॉफ और ऑनर हमारी मदद कर रहे हैं। फंसे हुए लोगों ने बताया कि सिविल एरिया में आंदोलनकारी नहीं आ रहे हैं। न ही, इन जगहों पर कोई नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिखाई संवेदना:
अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिवारजनों को ढ़ांढस बंधाया है। डॉ. यादव ने लिखा मेरे संज्ञान में आया है कि प्रदेश के छतरपुर के कुछ परिवारों के सदस्य नेपाल में हैं। इनकी चिंता करते हुए मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। भारत सरकार के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उनकी सकुशल भारत वापसी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।संकट की इस घड़ी में हम सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ नागरिकों की हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं।