चंडीगढ़: पंजाब में बाढ़ का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार को चार जिलों में टूटे धुस्सी बांधों (तटबंधों) पर रविवार को दिनभर मरम्मत का काम चलता रहा। सेना और एनडीआरएफ की टीमें लगातार लगी हुई हैं। राज्य के बाढ़ प्रभावित सभी 23 जिलों के 2050 गांवों में कुल 3,87,898 व्यक्ति बेघर हो गए हैं जबकि 20 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। पंजाब सरकार द्वारा अब तक 22,938 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला जा चुका है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार ने 219 राहत शिविर खोले हैं जिनमें 5404 लोगों को शरण दी गई है।
अब तक 48 की मौत:
मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य के कई जिलों में अब तक कुल 1,76,980.05 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। बाढ़ के कारण अब तक 48 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि जिला पठानकोट से तीन व्यक्ति लापता हैं।
सीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक:
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को फोर्टिस अस्पताल से मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, डीजीपी गौरव यादव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ में राहत और बचाव कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन व चिकित्सा सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।




