पंजाब में बाढ़ से 1400 से ज्यादा गांव प्रभावित, फसलें बर्बाद

0

चंडीगढ़ (मध्य स्वर्णिम): पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ से जूझ रहे हैं। इन जिलों के 1655 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में बाढ़ से अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है। तकरीबन साढ़े तीन लाख लोग बाढ़ प्रभावित हैं। पंजाब में बाढ़ से हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। हालात को देखते हुए पंजाब सरकार ने पूरे राज्य को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है। दूसरी ओर बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पंजाब के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और पॉलिटेक्निक 7 सितंबर तक बंद कर दिए गए हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा खेती को नुकसान पहुंचा है। 1.75 लाख हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में फैली फसल बर्बाद हो गई है। कुल मिलाकर 3.55 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। वहीं, 19474 लोगों को बचाया गया है। पंजाब के फरीदकोट के कई गांव और निचले इलाकों में बारिश का पानी जमा हो रहा है। पिछले एक हफ्ते के भीतर फरीदकोट के कई इलाकों में बारिश की वजह से मकान गिर रहे हैं।

उफनती यमुना ने दिल्ली सचिवालय तक दे दी दस्तक:
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली इस समय बाढ़ के खतरे के दौर से गुजर रही है। तटबंध तोड़ती यमुना ने दिल्ली के निचले इलाकों पर आमद दर्ज करा दी है। निगम बोध घाट पूरी तरह जलमग्न हो जाने के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी गई है। अब लोगों को पंचकुइयां श्मशान घाट भेजा जा रहा है। वहीं, दिल्ली सचिवालय परिसर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। बेला रोड स्थित स्वामी नारायण मंदिर भी बाढ़ की जद में आ गया।