नीट पेपर लीक के विरोध में भोपाल में छात्रों का प्रदर्शन

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को भोपाल के नीलम पार्क में राज्य स्तरीय प्रदर्शन किया गया। मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेश के करीब 20 जिलों से छात्र, युवा और नर्सिंग छात्र शामिल हुए। युवाओं ने पेपर लीक, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, ठेका व्यवस्था और नर्सिंग छात्रों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन में युवाओं ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर विरोध जताया। एक पोस्टर पर लिखा था, यह पेपर लीक नहीं, सिस्टम की बड़ी खामी है। कई छात्र सोनम वांगचुक और चंद्रशेखर आजाद की तस्वीरें भी लेकर पहुंचे । उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याओं पर ध्यान दे ।

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल:
आंदोलन के प्रदेश संयोजक प्रमोद नामदेव ने कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में युवाओं ने कहा कि प्रदेश में हजारों सरकारी पद खाली हैं, लेकिन समय पर भर्ती नहीं हो रही । वहीं नर्सिंग छात्रों को परीक्षा, परिणाम और छात्रवृत्ति जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।

सरकार को सौंपा 13 सूत्रीय मांगपत्र:
प्रदर्शन के बाद केंद्र और राज्य सरकार के नाम 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इसमें पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, खाली पदों पर जल्द भर्ती, भर्ती परीक्षाओं को समय पर पूरा करने, नर्सिंग छात्रों की समस्याएं दूर करने, आवेदन शुल्क कम करने और ठेका व्यवस्था खत्म कर स्थायी रोजगार देने जैसी मांगें शामिल रहीं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और तेज किया जाएगा।