भोपाल (मध्य स्वर्णिम): करीब दो वर्षों से ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीयन (आरसी) की हार्डकॉपी का इंतजार कर रहे लाखों वाहन मालिकों के लिए राहत की खबर है। मध्यप्रदेश परिवहन विभाग अब फिर से ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन कार्ड की हार्डकॉपी जारी करने की तैयारी में है। इस बार सामान्य स्मार्ट कार्ड की जगह अत्याधुनिक एनएफसी (नियर फील्ड कम्युनिकेशन) तकनीक वाले हाईटेक कार्ड दिए जाएंगे, जिनमें डिजिटल चिप लगी होगी और जिनकी जानकारी समय-समय पर अपडेट भी की जा सकेगी। परिवहन आयुक्त कार्यालय ने स्मार्ट कार्ड तैयार कर उन्हें वाहन मालिकों के घर तक पहुंचाने के लिए नई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। कंपनी का चयन होते ही सबसे पहले उन लोगों को कार्ड भेजे जाएंगे, जिन्होंने ऑनलाइन शुल्क जमा कर दिया था लेकिन अब तक उन्हें लाइसेंस या आरसी की हार्डकॉपी नहीं मिली। नए एनएफसी कार्ड परिवहन व्यवस्था को अधिक डिजिटल और सुरक्षित बनाएंगे। इन कार्डों में लगी चिप को विशेष रीडर से स्कैन करते ही वाहन और उसके मालिक से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी। इसमें वाहन मालिक का नाम, पता, ब्लड ग्रुप, वाहन का पंजीयन विवरण, निर्माण वर्ष, खरीद वर्ष, टैक्स की स्थिति और अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल होंगी। इससे फर्जी दस्तावेजों पर रोक लगाने के साथ सडक पर वाहन जांच भी तेज और पारदर्शी हो सकेगी।




