रतलाम (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के एक गांव में कुएं का कथित दूषित पानी पीने से पिछले तीन-चार दिनों में 80 से अधिक लोग बीमार पड़ गए. अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इनमें से 21 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अन्य संभावित मरीजों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए घर-घर सर्वेक्षण कराया है. गांव में चिकित्सा शिविर लगाकर राहत संबंधी कदम उठाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी किरण वाडिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पिपलोदा तहसील के करीब 800 की आबादी वाले आजमपुर डोडिया गांव के लोग पिछले तीन-चार दिनों से उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत कर रहे थे। सूचना मिलते ही खंड चिकित्सा अधिकारी पवन पाटीदार ने गंभीर रूप से बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस गांव भेजी गई। स्वास्थ्य अधिकारी किरण वाडिया के अनुसार, महामारी विशेषज्ञ गौरव बोरिवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में चिकित्सा शिविर लगाया।




