पाकिस्तान में एससीओ के बॉर्डर प्रमुखों की अहम बैठक, भारत भी हुआ शामिल

0

इस्लामाबाद (मध्य स्वर्णिम): राजधानी इस्लामाबाद में पाकिस्तान की अध्यक्षता में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के बॉर्डर सर्विस प्रमुखों की 12वीं बैठक संपन्न हुई, जिसमें भारत ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। यह बैठक तब हुई है जब सदस्य देश क्षेत्रीय सीमा सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और साझा चुनौतियों का सामना करने पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस उच्च-स्तरीय बैठक में बेलारूस, भारत, ईरान, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और एससीओ के क्षेत्रीय आतंकवाद रोधी ढांचे (आरएटीएस) की कार्यकारी समिति के बॉर्डर सर्विस प्रमुखों और प्रतिनिधियों ने शिरकत की। बैठक के दौरान, प्रतिभागियों ने एससीओ सदस्य देशों की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर मौजूदा स्थिति, उससे जुड़े घटनाक्रमों और भविष्य के अनुमानों पर गहन जानकारी और आकलन का आदान-प्रदान किया। उन्होंने सदस्य देशों की सीमा सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए संयुक्त सीमा अभियान सॉलिडैरिटी-2025 के सफल परिणामों को मंजूरी दी। इसके अतिरिक्त, इस साल सॉलिडैरिटी-2026 के आयोजन की योजना पर विचार किया गया और हरी झंडी दी गई। 2027 में संयुक्त सीमा अभियान सॉलिडैरिटी-2027 आयोजित करने के ताजिकिस्तान के प्रस्ताव का भी सर्वसम्मति से समर्थन किया गया।