आगर मालवा (मध्य स्वर्णिम): नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दान संग्रह को लेकर विवादों में रही अशासकीय समिति की जांच पूरी होने के बाद प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर प्रीति यादव द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में समिति के कार्यों में किसी प्रकार की आर्थिक अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी नहीं पाई है। हालांकि समिति का संचालन नियमों के अनुरूप नहीं होने के कारण उसे अब मंदिर परिसर में सक्रिय रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कलेक्टर प्रीति यादव ने बताया कि जांच दल ने समिति के बैंक खातों, लॉकर और अभिलेखों की जांच के साथ समिति सदस्यों से भी चर्चा की। रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितता सामने नहीं आई, लेकिन मंदिर परिसर में इस प्रकार की अशासकीय समिति का संचालन नियम विरुद्ध पाया गया। इसलिए समिति के पास जमा समस्त नकद राशि, 29 किलोग्राम चांदी और 105 ग्राम सोना मंदिर की शासकीय प्रबंध समिति को सौंपा जाएगा। यह राशि और आभूषण शासकीय खाते एवं लॉकर में सुरक्षित रखे जाएंगे।




