भारत टैक्स-2026 में निवेशकों से संवाद आज

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टैक्स-2026 में देश-विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांडों से संवाद कर मध्यप्रदेश में निवेश के नए अवसरों को गति देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न निवेश एवं उद्योग जगत से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होकर राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना तथा टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक निवेश संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करेंगे । वन-टू-वन बैठकों, राउंड टेबल चर्चा, एमओयू तथा निवेशक संवाद के माध्यम से टेक्सटाइल, गारमेंट एवं फुटवियर क्षेत्र में नए निवेश आकर्षित करने की दिशा मे विस्तृत चर्चा की जाएगी | मुख्यमंत्री डॉ. यादव भारत मंडपम में भारत टेक्स – 2026 का अवलोकन करेंगे तथा मध्यप्रदेश पवेलियन का निरीक्षण भी करेंगे । पवेलियन में राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास, धार जिले में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की संपूर्ण औद्योगिक वैल्यू चेन को वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मीडिया से भी संवाद करेंगे । मुख्यमंत्री डॉ. यादव भारत टैक्स – 2026 टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ आयोजित राउंड टेबल चर्चा में भाग लेंगे। इस चर्चा में मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल एवं गारमेंट इकोसिस्टम, निवेश की संभावनाओं, निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता, सतत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स तथा कौशल विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह भी राउंड टेबल को संबोधित करेंगे । बैठक में 100 से अधिक उद्योगपतियों, निवेशकों एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में डिक्सन टेक्नोलॉजीस के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अतुल लाल, टोपन के सीईओ मनोहरा कुमार, हेलियॉन के सीईओ केदार लेले और भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ फेलिक्स भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव देश- विदेश की प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे।

जगदीशपुर कैबिनेट की तैयारियां तेज:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 19 जुलाई, रविवार को जगदीशपुर में होने वाली कैबिनेट बैठक की व्यवस्थाओं के संबंध में अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला एवं भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने बैठक के सफल एवं सुचारू संपादन के लिए आयोजन स्थल पर चल रही विभिन्न व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।बैठक के महत्व को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी तरह चाक-चौबंद और त्रुटिहीन होनी चाहिए। अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने जगदीशपुर पैलेस परिसर स्थित ऐतिहासिक रानी महल एवं चमन महल का अवलोकन किया। उन्होंने वहां बैठक व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, सौंदर्यीकरण तथा ई-कैबिनेट के लिए आवश्यक आधुनिक तकनीकी प्रबंधों को देखा।