नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): बाहरी दिल्ली की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शूटरों में से दो यूपी के और एक दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक ये तीनों शूटर दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और किसी की हत्या करने की साजिश रच रहे थे। इसी बीच पुलिस को उनके आने-जाने की भनक लग गई और उन्हें दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि उन्हें इन शूटरों की हरकतों के बारे में पहले ही खुफिया जानकारी मिल गई थी। सूचना मिलते ही स्पेशल स्टाफ की टीम ने उनका पीछा किया। इसके बाद लगातार निगरानी रखकर और तकनीकी जांच की मदद से तीनों को दबोच लिया । पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इन शूटरों को विदेशों में बैठे गैंग के नेटवर्क से निर्देश मिल रहे थे । विदेशी हैंडलर से जानकारी मिलने के बाद ही इन्हें दिल्ली में वारदात को अंजाम देना था।




