भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में एम्स दिल्ली की अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आ गई है। कोर्ट के आदेश पर किए गए दूसरे पोस्टमार्टम के बाद तैयार रिपोर्ट में जिम्नास्टिक बेल्ट (जिम बेल्ट) पर स्किन टिश्यू मिलने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंप दी गई है और इसकी जानकारी मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को भी भेजी गई है। सूत्रों के अनुसार, एम्स दिल्ली के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने 11 पन्नों की अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट 10 जुलाई को सीलबंद लिफाफे में सीबीआई को सौंपी। रिपोर्ट में प्रयोगशाला और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के आधार पर पुष्टि की गई है कि कथित तौर पर फांसी लगाने में इस्तेमाल की गई जिम्नास्टिक बेल्ट पर स्किन टिश्यू मिले हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बेल्ट पर मिले स्किन टिश्यू मृतका के गले पर पाए गए चोट के निशानों के अनुरूप हैं। मेडिकल बोर्ड की इस पुष्टि को जांच के लिए अहम फॉरेंसिक साक्ष्य माना जा रहा है। ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं । मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दूसरे पोस्टमार्टम के आदेश दिए थे ।




