होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर फिर बढ़ा अमेरिका-ईरान तनाव, दोनों ओर से हो रहे हमलों से मध्य-पूर्व में संकट गहराया

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): मध्य-पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है । होर्मुज जलडमरूमध्य में एक व्यापारिक जहाज पर हमले के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई तेज हो गई है। अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए, जबकि ईरान ने भी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और सहयोगी देशों की ओर जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। घटनाक्रम के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं । ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की है। इससे पहले एक व्यापारिक जहाज पर हुए हमले को लेकर अमेरिका ने ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए व्यापक सैन्य अभियान चलाया। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों का दावा है कि हाल के दिनों में ईरान के अनेक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, ताकि व्यापारिक जहाजों पर हमले की उसकी क्षमता को कमजोर किया जा सके। दूसरी ओर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्स ने कतर, ओमान तथा खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का दावा किया है। हालांकि इन दावों के संबंध में दोनों पक्षों के बयान अलग-अलग हैं और कई दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है । होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है।