कोलकाता (मध्य स्वर्णिम): तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को गुरुवार को बड़ा झटका लगा है। टीएमसी के तीन पूर्व राज्यसभा सांसदों ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। भाजपा में शामिल होने वालों में सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बराइक और सुखेंदु शेखर रॉय शामिल हैं। तीनों नेताओं ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। इस अवसर पर राज्य भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, 34 साल तक वाम मोर्चे का शासन रहा, उसके बाद तृणमूल कांग्रेस की सरकार आई। इतने लंबे समय तक पश्चिम बंगाल में जो राजनीति चली, उसने हमारे संघीय ढांचे को नकारा और उसे चुनौती दी। केंद्र सरकार के साथ सहयोग करने के बजाय टकराव का रास्ता अपनाया गया, जिसके कारण विकास पूरी तरह रुक गया। ऐसे माहौल में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए तीन सांसदों ने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आगे कहा, आज ये तीनों सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बराइक और सुखेंदु शेखर रॉय भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। ये तीनों सांसद बड़े नेता हैं, जिनका राज्यसभा में प्रदर्शन सभी लोग जानते हैं। उन्होंने आगे कहा, यह हमारे लिए खुशी का मौका है और भाजपा इससे उत्साहित है। भाजपा की ओर से और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मैं अपने कार्यकर्ताओं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, पूरी कैबिनेट और पूरे संगठन की ओर से इन तीनों नेताओं का दिल से और बहुत खुशी के साथ स्वागत करता हूं ।




