दिल्ली में तय होगा महासचिव का नाम, बैठक में ही होगा चंपत राय के भविष्य का फैसला

0

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 22 जुलाई को प्रस्तावित बैठक से पहले विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक 19 और 20 जुलाई को दिल्ली में आयोजित होगी। इस बैठक में राम मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था, संगठनात्मक बदलाव और नए महासचिव के चयन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति की यह बैठक पहले 25 से 29 जून के बीच अयोध्या में प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में इसे दिल्ली स्थानांतरित कर 19-20 जुलाई को आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस बार प्रतिनिधियों की संख्या भी सीमित कर दी गई है। पहले प्रत्येक प्रांत से चार- चार प्रतिनिधियों को बुलाने की योजना थी, जबकि अब दो-दो प्रतिनिधियों को ही आमंत्रित किया गया है। इसके चलते बैठक में करीब 150 प्रतिनिधि ही शामिल होंगे। महासचिव पद से चंपत राय के हटने के बाद फिलहाल कृष्ण मोहन को अंतरिम रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब स्थायी महासचिव के चयन को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव बजरंग लाल बांगड़ा का नाम संभावित दावेदारों में प्रमुखता से लिया जा रहा है।