एआई पैटर्न की मूर्तियां बनाने वालों की बढ़ेगी मुसीबत

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): गणेशोत्सव और शारदीय नवरात्रि की तैयारियां शुरू होते ही प्रतिमाओं के स्वरूप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। श्री हिंदू उत्सव समिति ने एआई पैटर्न पर तैयार की जा रही भगवान गणेश और मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विरोध करते हुए स्पष्ट कहा है कि धार्मिक परंपराओं और पौराणिक स्वरूप से छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी। समिति ने ऐसे मूर्तिकारों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराने की चेतावनी दी है, जो एआई पैटर्न की प्रतिमाओं का निर्माण करेंगे। चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि भगवान गणेश और मां भगवती की प्रतिमाएं शास्त्रों और पौराणिक मान्यताओं के अनुरूप ही बनाई जानी चाहिए। उनका कहना था कि आधुनिक या एआई आधारित स्वरूप में प्रतिमाएं बनाकर धार्मिक परंपराओं का स्वरूप बदलने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे हिंदू उत्सव समिति स्वीकार नहीं करेगी। चंद्रशेखर तिवारी ने समिति ने पदाधिकारियों और अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने- अपने क्षेत्रों के मूर्तिकारों से संपर्क कर उन्हें एआई पैटर्न की प्रतिमाएं नहीं बनाने के लिए समझाएं। साथ ही सभी गणेशोत्सव और दुर्गा उत्सव समितियों से आग्रह किया गया कि वे केवल पौराणिक स्वरूप वाली प्रतिमाओं की ही स्थापना करें ।