सतना (मध्य स्वर्णिम): सतना जिले में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया बगहा बायपास रोड एक बार फिर सुर्खियों में है। लगभग दो वर्ष पहले तैयार हुई यह सड़क अब कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त नजर आ रही है। सड़क पर बने गड्ढे, उखड़ती डामर की परत और कुछ हिस्सों में दिखाई दे रही दरारों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस ने सड़क की बदहाली को लेकर सरकार और निर्माण एजेंसी पर निशाना साधते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 50 किलोमीटर लंबे बगहा बायपास का निर्माण कराया गया था। इस सड़क का उद्देश्य शहर के यातायात का दबाव कम करना और भारी वाहनों के आवागमन को सुगम बनाना था । लेकिन निर्माण के कुछ ही वर्षों के भीतर सड़क की खराब होती स्थिति ने परियोजना की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




