भाजपा नेता पर एफआईआर दर्ज, महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ मामले में हुई कार्यवाई

0

सागर: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से कथित छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव और उनके एक साथी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि महिला डॉक्टर की शिकायत के आधार पर भाजपा नेता सहित दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 1 बजे की है। आरोप है कि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में मौजूद भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव ने महिला डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसे छूने की कोशिश की । जब महिला डॉक्टर ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने कथित रूप से उसे गोली मारने की धमकी दी । डॉक्टरों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।