कॉमर्शियल सिलेंडर 180 रुपए हुआ सस्ता, पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपये सस्ता हुआ

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): बुधवार को देश में आम आदमी की जेब, रसोई और सफर से जुड़े 6 बड़े नियम बदल गए हैं। कॉमर्शियल सिलेंडर 180 रुपए सस्ता तो पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है। ट्रेन में बिना टिकट सफर करने पर दोगुना जुर्माना लगेगा। तेल कंपनियों ने 1 जुलाई से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में औसतन 180 तक की बड़ी कटौती कर दी है। हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में अब नया दाम 2930.00 हो गया है जो पहले 3113.50 था यानी 183.50 रुपए की कमी आई है। कोलकाता में नई कीमत 3081.50 है जो पहले 3255.50 थी यानी 174 रुपए की कमी, मुंबई में पुराना दाम 3067.50 था जो अब घटकर 2885.50 रुपए रह गया है यानी 182.00 की कमी और चेन्नई में पहले इसकी कीमत 3283.00 थी जो अब कम होकर 3106 रुपए हो गई है यानी 177 की कमी। इसके घटने से रेस्टोरेंट, होटल और शादियों में कैटरिंग का खर्च कम होगा, जिससे आम जनता के लिए भी बाहर खाना और नाश्ता सस्ता हो सकता है। कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने से रेस्टोरेंट मालिकों का खर्च घटेगा। ऐसे में वे चाय, नाश्ते और थाली सस्ते कर सकते हैं । शादियों की कैटरिंग भी सस्ती हो सकती है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने देश में पेट्रोल-डीजल की किल्लत को देखते हुए 11 जून को एक गाड़ी में एक दिन में सिर्फ 200 लीटर डीजल भरने की जो सीमा लगाई थी, उसे अब उसे खत्म कर दिया गया है। वहीं अब पेट्रोल पंपों पर एक गाड़ी में एक दिन में सिर्फ 200 लीटर डीजल भरने की सीमा खत्म हो गई है ।

पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपये सस्ता हुआ:
निजी क्षेत्र की तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने बुधवार से पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की घोषणा की है। कंपनी का मानना है कि इससे आम लोगों को राहत मिलेगी। नायरा एनर्जी ने यह फैसला मध्य पूर्व में तनाव कम होने और कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति सामान्य होने के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए किया है। गौरतलब है कि देशभर में नायरा एनर्जी के 7000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर यह नई दरें लागू हो गई हैं। हालांकि, विभिन्न स्थानों पर लगने वाले स्थानीय करों (वैट) के कारण पेट्रोल और डीज़ल की अंतिम कीमतें थोड़ी अलग हो सकती हैं। जबकि नायरा एनर्जी ने दाम घटाकर उपभोक्ताओं को राहत दी है, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल), इंडियन ऑयल (आईओसी) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) जैसी सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने फिलहाल अपनी पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं आया है। गौरतलब है कि नायरा ने ही कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने पर सबसे पहले पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। उस समय पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया था। कंपनी का यह कदम तब आया था जब वैश्विक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया था । अभी अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की खबरों के कारण वैश्विक कच्चे तेल बाजार में नरमी देखी जा रही है। आज 1 जुलाई को कच्चा तेल मामूली 0.33 फीसदी की उछाल के साथ 73 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जो उच्च स्तरों से काफी कम है।