गंगटोक: सिक्किम में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। यहां के उत्तरी इलाके में शनिवार रात को भारी बारिश से एक बड़ा पुल पानी में पूरी तरह बह गया । इस घटना के बाद से फिदांग और सांकलांग को जोड़ने वाला रास्ता बंद हो गया है। पुल टूटने के चलते इलाके का सड़क संपर्क टूट गया है। फिलहाल, प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, जबकि लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है । उत्तरी सिक्किम के जोंगू इलाके में शनिवार रात तेज बारिश हुई। इसी दौरान फिदांग में फी खोला का जलस्तर अचानक बढ़ गया । पानी का बहाव इतना तेज था कि वहां बना बेली पुल बह गया। इस पुल के बह जाने से फिदांग – सांकलांग मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। यह रास्ता इस पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए बेहद जरूरी है । मार्ग बंद होने से आस-पास के कई गांवों का संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग ने सिक्किम समेत पूरे पूर्वोत्तर भारत के लिए पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था । विभाग ने बताया था कि इस हफ्ते कई इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है ।




