अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद 8 आरोपियों के घर पर रविवार सुबह पुलिस ने छापा मारा। पुलिस की 8 टीमों ने एक साथ आरोपियों के घर पर दबिश दी। परिवार के लोगों से पूछताछ की। पड़ोसियों से भी सवाल-जवाब किए गए। छापेमारी में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा था। छापेमारी में राजस्व अधिकारियों खासकर लेखपालों को भी शामिल किया गया है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों के घर से चढ़ावा चोरी का हिस्सा बरामद हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जांच टीम ने अपनी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अयोध्या में रहने वाले आरोपियों के घरों पर कार्रवाई की है। पुलिस की अलग-अलग टीमें अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मुख्य आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, मनीष यादव, करुणेश पांडे और रमा शंकर मिश्रा के घर पहुंचीं। इन सभी के ठिकानों पर पुलिस तलाशी ले रही है ।




